मधेपुरा। बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों को आवश्यक सहायता एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मधेपुरा प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समीप स्थित बुनियाद केंद्र में कई महत्वपूर्ण सेवाएं संचालित की जा रही हैं। यहां जरूरतमंद लोगों को विभिन्न सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
बुनियाद केंद्र में दिव्यांगजनों की जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने के साथ उपलब्धता के आधार पर ट्राई साइकिल भी प्रदान की जाती है। वहीं बुजुर्गों एवं शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे लोगों के लिए निःशुल्क फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है।
देखे विडियो : https://www.facebook.com/share/v/1BhjKmvJrb/
उम्र बढ़ने के साथ आंखों की रोशनी कमजोर होने वाले लोगों के लिए निःशुल्क आंख जांच की व्यवस्था है। जरूरतमंद लोगों को उपलब्धता के अनुसार निःशुल्क चश्मा भी दिया जाता है। बच्चों में तुतलाने, हकलाने या बोलने संबंधी परेशानी के लिए स्पीच थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसके अलावा सुनने में परेशानी वाले बुजुर्गों के लिए कान की जांच की जाती है तथा जरूरत के अनुसार श्रवण यंत्र भी उपलब्ध कराया जाता है। केंद्र परिसर में CSC सेंटर की सुविधा भी है, जहां बुजुर्ग विभिन्न डिजिटल एवं सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
बुनियाद केंद्र की मोबाइल वैन के माध्यम से गांवों और मोहल्लों तक भी सेवाएं पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसके जरिए लोगों को उनके नजदीकी क्षेत्र में फिजियोथेरेपी, आंख जांच सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में बुनियाद केंद्र, मधेपुरा के डीपीएम शादाब शमर ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए बुनियाद केंद्र की पूरी टीम पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन्हें इन सेवाओं की आवश्यकता है, वे बुनियाद केंद्र पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं का लाभ जरूर उठाएं।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्र की टीम हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।















No comments yet. Be the first to comment!