मधेपुरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सभागार में मंगलवार को पारा लीगल वोलेंटियर (पीएलवी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएलवी की भूमिका, जिम्मेदारियों और आम लोगों तक निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव-सह-सीनियर जज पूजा कुमारी साह ने कहा कि पारा लीगल वोलेंटियर एक प्रशिक्षित स्वयंसेवक होता है, जो आम जनता और कानूनी सेवा संस्थानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता है। पीएलवी का उद्देश्य समाज के कमजोर, गरीब एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को उनके बुनियादी अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि पीएलवी की जिम्मेदारी केवल लोगों को कानून की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद एवं गरीब लोगों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार तक पहुंचाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

जज पूजा कुमारी साह ने कहा कि थाना सहित विभिन्न संस्थानों में पीएलवी की तैनाती का उद्देश्य लोगों को समय पर उचित कानूनी सलाह उपलब्ध कराना है। इससे लोग अनावश्यक खर्च और परेशानी से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर सही कानूनी सलाह मिलने से कई मामलों का समाधान मुकदमेबाजी के बिना भी संभव हो सकता है। इससे न्यायालय में अनावश्यक मुकदमों का बोझ कम करने के साथ-साथ पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की परेशानियों को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है।

उन्होंने सभी पारा लीगल वोलेंटियर से अपने दायित्वों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना विधिक सेवा प्राधिकार का प्रमुख उद्देश्य है और इसमें पीएलवी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

पीएलवी के बीच वितरित किए गए पहचान पत्र

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों से पहुंचे पारा लीगल वोलेंटियर के बीच आईडेंटिटी कार्ड का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने पीएलवी को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य करने और जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रहने को कहा।

मौके पर अधिवक्ता विजय कुमार, पीएलवी गौतम कुमार, शंकर कुमार, बीरेन्द्र कुमार, दीपक कुमार, रीतु सागर, पिंकी कुमारी, ज्योति कुमारी, मिलन कुमारी, कंचन कुमारी, रवीन्द्र कुमार, सुमित कुमार, मोहन कुमार, चंद्रहास सहित अन्य मौजूद रहे।