सहरसा (ब्यूरो रिपोर्ट )/ राजद के प्रदेश प्रवक्ता सह कोसी क्षेत्र के एमएलसी डॉ अजय कुमार सिंह ने सहरसा स्थित अपने न्यू कॉलोनी आवास पर प्रेसवार्ता कर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली करने की NDA सरकार की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की दुर्भावना से प्रेरित होकर किया गया काम है | बिहार में पहली महिला मुख्यमंत्री और विधान परिषद मे नेता प्रतिपक्ष के आवास को अचानक खाली करवाने की कौन सी नौबत आ गई है। सरकार को ऐसे निर्णय पर सोचनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी से बिहार में लाखों करोड़ों आवाम की भावना जुड़ी है जिसको समझना चाहिए। उन्होंने सरकार के निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सिर्फ राजद की तरफ से नहीं बल्कि आवाम के तरफ से यह मांग है कि सूबे की पहली महिला मुख्यमंत्री के परिवार को प्रताड़ित नहीं किया जाय। उन्होंने कहा कि सरकार में जो वास्तविक मुद्दे हैं जिससे पूरा बिहार परेशान है, बिहार के लोग हलकान हैं, सरकार उन मुद्दों से भटकने का प्रयास कर रही है। NDA सरकार बिहार के आवाम को आवास खाली करने और न करने के मुद्दों में उलझाना चाहती है। बिहार में जो वास्तविक मुद्दे हैं, बिहार की बिगड़ती लॉ एंड ऑर्डर, खेती- किसानी, रोजगार, पलायन, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे पर सम्राट सरकार कोई बात नहीं करती है। सरकार हर मोर्चे पर विफल है। अपनी सफलता को छुपाने के लिए सरकार ऐसे मुद्दे को हवा दे रही है। वह बिहार के लोगों को आवास खाली करने के नाम पर बहस में उलझाना चाहती है। राबड़ी आवास में बिहार के दो-दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व उप-मुख्यमंत्री का परिवार रह रहा है | वर्तमान में भी तेजस्वी यादव विधानसभा में नेता विरोधी दल है | इस तरह से बीमार पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और उसके परिवार को परेशान करना ओछी राजनीति कहलाती है। सरकार को इससे बचना चाहिए | श्री सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पूरे देश में सम्राट सरकार की किरकिरी हो रही है। सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार का खजाना खाली है बिहार में जो टेंडर ठेकेदारों के द्वारा काम कराया गया उनका पेमेंट अब तक नहीं किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में 10000 रुपए में वोट खरीद कर सरकार तो बन गयी लेकिन जनता का काम नहीं हो रहा है। उन्होंने साफ किया कि अगर बिहार में प्रतिशोध की राजनीति होगी तो राजद संवैधानिक अधिकारों के तहत इसका विरोध करेगा।