मधेपुरा/ सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति के नव पदस्थापित प्रबंधक सह सहायक लेखा पदाधिकारी रिपु दमन ने पद भार ग्रहण के उपरांत पूरे मंदिर परिसर सहित आसपास का निरीक्षण किया और उन्होंने यह स्पष्ट रूप से कहा कि मंदिर कार्यों में किसी प्रकार का गोलमाल अब नहीं चलने वाला है. अगर कोई पैसे के लिए न्यास में कार्य कर रहे है तो वह अपने मन से पद को छोड़कर चले जाए नहीं तो वैसे कर्मियों पर गाज गिरनी तय है.

निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में बिक्री कर रहे गुटखा को भी जप्त किया और सख्त हिदायत दिया कि मंदिर में कोई भी मादक पदार्थ बिक्री नहीं करेगा अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि पार्किंग के अलावा किसी भी जगह या गेट पर वाहन को पार्किंग नहीं किया जाएगा. दक्षिणी गेट के तरफ होटल संचालक को गंदगी नहीं फैलाने के लिए कहा गया. यह भी कहा गया कि अगर कभी गंदगी फैलाते हुए पकड़े गये तो भारी जुर्माना किया जाएगा। इसके साथ ही पार्किंग के रशीदों की जांच की गई। जबकि शिवगंगा के निरीक्षण के दौरान बताया कि आगामी छठ पर्व को लेकर जो भी आवश्यक सुविधा श्रद्धालुओं के लिए होगी वह अविलंब करने के दिशा में कार्य किया जाए. वही शिवगंगा के किनारे लोगों के द्वारा पेशाब करने के कारण दुर्गंध को देखते हुए अविलम्ब इस पर भी कार्रवाई करने की बात कही.

उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि कई दुकानदार शिवरात्रि मेला में अपना दुकान लेकर सिंहेश्वर आए थे जबकि वह अब तक यहीं जमे हुए हैं. इससे न्यास को होने वाली नुकसान की राशि वसूली को लेकर न्यासा कर्मी को निर्देशित किया गया कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर राशि वसूली की कार्रवाई के दिशा में कार्य किया जाए. फिर पार्किंग में मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा है जिसका भी निरीक्षण किया गया. साथ ही पर्यटन विभाग के द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण करते हुए कार्यों में देरी न करने की बात कही. न्यास कर्मियों ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम होते ही सिंहेश्वर मंदिर परिसर में कुछ नशेड़ी युवक पहुंच जाते है जिस पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की बात करते हुए कहा कि कोई भी नशेड़ी युवा शाम में अगर मंदिर परिसर में नशा करते हुए पकड़े जाते हैं तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

न्यास कर्मियों को बायोमेट्रिक से उपस्थित बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा. मंदिर परिसर में होने वाले मुंडन को लेकर कर्मियों के द्वारा बताया गया कि कई पंडों के द्वारा बिना रसीद कटा कर मुंडन का कार्य कर लिया जाता है. जिससे न्यास को काफी नुकसान होता है. इसके लिए एक काउंटर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए. जिस पर पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुंडन करने वाले सभी नाइयों को चिन्हित करें. साथ ही उसकी लिस्ट बनाएं और अगर कोई नाई बिना रसीद देखे मुंडन करता है तो उस पर जुर्माना करने का प्रावधान किया जाएगा. मंदिर परिसर में खुदरा दुकान लगाने वालों को अब डिजिटल पेमेंट की ओर प्रेरित करते हुए डायरेक्ट न्यास के खाते में पैसा लिया जाएगा. अगर कोई कर्मी गलती करते हुए पकड़े जाते हैं तो उस पर जुर्माना के साथ- साथ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी.

वही फूल दुकानदार का आधार कार्ड लेते हुए चिन्हित जगह पर दुकान लगाने की दिशा पर जल्द ही कार्य करने की बात कही गई. वहीं यह भी बताया कि वैसे कर्मचारी जिनके पास पूर्व का बकाया है उसका लिस्ट न्यास कर्मियों से मांग की गई है. जिसपर भी कार्रवाई तय बताई गई है.