चौसा,मधेपुरा/ कुमार साजन/ आगामी पल्स पोलियो अभियान एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से चौसा प्रखंड कार्यालय सभागार में बीडीओ सरीना आजाद की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लेकर टीकाकरण कवरेज बढ़ाने तथा जीरो-डोज बच्चों की संख्या शून्य करने को लेकर रणनीति तैयार की।

बैठक में गावी के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार ने प्रस्ताव रखा कि में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विकास मित्रों, शिक्षा सेवकों, पंचायत सचिवों एवं जीविका कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य समितियों को सशक्त बनाकर आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा सकता है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज विभाग एवं गावी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन बच्चों की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया, जिन्हें अब तक टीके की एक भी खुराक नहीं मिली है। ऐसे बच्चों को चिन्हित कर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।

बीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रखंड का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं,आंगनबाड़ी सेविकाओं,शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों को घर-घर जाकर अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करने तथा इससे जुड़े भ्रम और मिथकों को दूर करने का निर्देश दिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ज्ञानरंजन ने बताया कि जीरो-डोज बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा सर्वेक्षण कर ऐसे बच्चों की सूची तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गावी संस्था इस अभियान में तकनीकी सहयोगी के रूप में कार्य कर रही है, जो टीकाकरण कार्यक्रमों की निगरानी, डेटा विश्लेषण एवं क्षमता निर्माण में सहयोग प्रदान करेगी। बैठक में बीएचएम मो. शहाबुद्दीन, बीपीआरओ वीरेन्द्र दास, आईसीडीएस से मो. शमशेर आलम,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। बैठक में नियमित टीकाकरण सत्रों को अधिक प्रभावी एवं जनसहभागिता आधारित बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।