मधेपुरा/ गंगा की निर्मलता, नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गंगा उत्सव-2026 के अवसर पर बी.पी. मंडल इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार की पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से गंगा संरक्षण एवं स्वच्छ नदियों का प्रभावशाली संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-जिला खेल पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी तथा नगर परिषद, मधेपुरा की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी सहित अन्य संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल का परिचय देते हुए चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से नदियों की स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा प्रकृति के महत्व को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उनकी कलाकृतियों में स्वच्छ नदियों की आवश्यकता, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने, प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक सहभागिता का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।
इस अवसर पर पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक विरासत ही नहीं, बल्कि जीवन, सभ्यता और संस्कृति का आधार भी हैं। इनके संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए जनभागीदारी और निरंतर जागरूकता आवश्यक है। बच्चों एवं युवाओं को ऐसे आयोजनों से जोड़ना पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया।















No comments yet. Be the first to comment!