मधेपुरा/ मधेपुरा पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह के निर्देश पर मानव व्यापार निरोध इकाई की टीम ने तकनीकी सहयोग और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।

इस सम्बन्ध में अनुमंडल पुलिस अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि गठित टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र अंतर्गत बाउली पट्टी देशू गांव से नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया। इस मामले में मधेपुरा जिले के श्रीपुर चकला निवासी रेशमी खातून उर्फ कसीदा खातून (करीब 26 वर्ष), पति मो. इस्लाम तथा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र निवासी अंकुश कुमार उर्फ आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर नाबालिग को उत्तर प्रदेश में बेचे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे बरामद किया। बरामद नाबालिग का माननीय न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार, अनुसंधानकर्ता दीपमाला कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक करण कुमार, महिला सिपाही 164 रुचि कुमारी एवं पुलिस सिपाही पीयूष कुमार शामिल थे।

मधेपुरा पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।