चौसा,मधेपुरा/ कुमार साजन/ नशामुक्त बिहार के निर्माण और समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने के संकल्प के साथ सोमवार को चौसा प्रखंड में जीविका के तत्वावधान में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संकल्प, प्रेरणा एवं विश्वास महिला संकुल स्तरीय संघों के नेतृत्व में जीविका दीदियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। वहीं, आकर्षक रंगोली निर्माण और जागरूकता रैली के माध्यम से आम लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में 500 से अधिक जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जीविका टीम एवं कर्मियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। दीदियों को बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, बच्चों के भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल असर डालती है। वहीं, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की टीम ने भी अपने विचारों के माध्यम से नशे की बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक किया और हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की।
इस अवसर पर आईबीसीबी मैनेजर कुलदीप कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी बर्बाद कर देता है। नशे की आदत व्यक्ति को उसकी जिम्मेदारियों और नैतिक मूल्यों से दूर कर देती है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशामुक्ति के अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।वहीं, प्रखंड परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार ने कहा कि नशा हमारे समाज के विकास में एक बड़ी बाधा है। इसकी गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति न केवल अपना भविष्य अंधकारमय करता है, बल्कि पूरे परिवार की सुख-शांति भी प्रभावित करता है। उन्होंने जीविका दीदियों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।एलएचएस अनीश कुमार ने भी स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की टीम के अलावा क्षेत्रीय समन्वयक राहुल कुमार, सीसी रंजीता कुमारी, शंकर कुमार, सिम्मी कुमारी, रंजीत कुमार, नीरज कुमार, आयुषी कुमारी, संकल्प सीएलएफ की लीडर अंजू कुमारी, प्रेरणा सीएलएफ की लीडर स्वीटी यादव सहित तीनों सीएलएफ के संबंधित कैडर एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।















No comments yet. Be the first to comment!