मधेपुरा/ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु शुक्रवार को स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों का ऑडिशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ऑडिशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
ऑडिशन के दौरान कलाकार चयन समिति द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुति, मंच संचालन क्षमता, अभिव्यक्ति एवं भाव-भंगिमा का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया। चयन समिति में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी, वरीय कलाकार सुभाष चंद्र, सुनीत साना, अमित कुमार आदि शामिल रहे।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि जिला स्थापना दिवस समारोह का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जिले की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऑडिशन में चयनित कलाकार मुख्य समारोह में अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक एवं यादगार बनाएंगे।
ऑडिशन में भाग लेने वाले कलाकारों एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिला स्थापना दिवस समारोह को जन-जन के लिए मनोरंजक, रंगारंग एवं यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।














