अफजल राज, पुरैनी (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 31 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबेडकर चौक स्थित उमेश साह की चाय दुकान के पास एक युवक स्मैक बेचने के लिए पहुंचा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल का गठन किया। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पलटू कुमार (20 वर्ष), पिता- भूटो सिंह, वार्ड संख्या-08, पुरैनी बताया। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी की प्रक्रिया पूरी की। तलाशी के दौरान युवक की पैंट की जेब से प्लास्टिक में रखा 4.10 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। बरामद पदार्थ का डिजिटल तराजू से वजन कराया गया और जब्ती सूची तैयार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

प्राथमिकी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से स्मैक खरीदने और विभिन्न स्थानों पर बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(ए) के तहत पुरैनी थाना कांड संख्या-182/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कांड के अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस अवर निरीक्षक शशि प्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।