अफजल राज, पुरैनी,मधेपुरा/ नियमित मासिक मानदेय की मांग को लेकर मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड में पशुपालन विभाग से जुड़े पशु मित्र एवं टीकाकर्मियों ने बड़ा फैसला लेते हुए एफएमडी (FMD) राउंड-7 टीकाकरण अभियान के बहिष्कार की घोषणा कर दी है। बिहार राज्य पशु मित्र एवं टीकाकर्मी संघ, पटना के बैनर तले प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वे वर्षों से विभागीय निर्देशानुसार विभिन्न टीकाकरण अभियानों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज तक नियमित मासिक मानदेय की व्यवस्था नहीं की गई। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद मांग पूरी नहीं होने से कर्मियों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक नियमित मानदेय लागू नहीं किया जाता, तब तक एफएमडी राउंड-7 टीकाकरण अभियान का बहिष्कार जारी रहेगा।आंदोलन का नेतृत्व ज्योतिष कुमार झा ने किया। धरना में राजेश कुमार, सचिन कुमार, पिंटू कुमार, मिथिलेश कुमार, रवि कुमार, उमेश कुमार, रमेश दिनकर कुमार यादव, मिथिलेश कुमार यादव, कौशल कुमार, बलराम कुमार, नीरज कुमार, शौविक कुमार यादव, अजय कुमार, विजयेंद्र कुमार मेहता समेत बड़ी संख्या में पशु मित्र एवं टीकाकर्मी मौजूद रहे।

कर्मियों के इस फैसले से एफएमडी राउंड-7 टीकाकरण अभियान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पशुपालन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं और टीकाकरण कार्यक्रम पर व्यापक असर पड़ सकता है।