मधेपुरा। आदर्श ग्राम पंचायत बालम गढ़िया के 24 वर्षीय युवक बाबू साहब की हत्या के मामले में मधेपुरा पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले के त्वरित उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी में जुटी हैं।

शनिवार को मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और नामजद अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में समाजसेविका प्रीति यादव, समाजसेवी संजीव कुमार, पैक्स अध्यक्ष वीर विजय कुमार ‘बबलू’, मुखिया रणजीत कुमार, समाजसेवी ऋतु रंजन, आशीष कुमार सहित अन्य लोग शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल को पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि बीते दिनों बाबू साहब का शव एक बोरे में बंद अवस्था में बरामद हुआ था। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ाते हुए एसआईटी का गठन किया है और विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

परिजनों ने भी एसआईटी गठन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी।