मधेपुरा/ बीएन मंडल विश्वविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से राष्ट्रीय स्वच्छता पखवाड़ा के तहत चलाया गया सफाई अभियान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। अभियान की तस्वीरें वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन पर केवल औपचारिकता निभाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

वायरल तस्वीरों में कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक समेत विश्वविद्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय के सामने पहले से साफ-सुथरी सड़क पर झाड़ू लगाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि फोटो से पहले साफ जगह पर कागज के टुकड़े बिखेरे गए और फिर झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। अधिकारियों को यदि स्वच्छता अभियान चलाना ही था तो विश्वविद्यालय परिसर के उन स्थानों की सफाई की जाती, जहां लंबे समय से गंदगी और कबाड़ जमा है। इनमें पुराने कैंटीन का परिसर, ऑडिटोरियम के आसपास का क्षेत्र, जिमखाना, गांधी पार्क, कीर्ति पार्क और चुल्हाय पार्क जैसे स्थान शामिल हैं। पूरे परिसर में सफाई कराने के बजाय केवल फोटो खिंचवाने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया। हालांकि, इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।