मधेपुरा। लोकदेव सोनाय महाराज की जन्मस्थली बेलारी में तीन दिवसीय सोनाय महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन नेपाल के पूर्व केंद्रीय आपूर्ति मंत्री शिव कुमार मंडल, स्थानीय विधायक प्रो. रमेश ऋषिदेव, विधान पार्षद अजय कुमार सिंह तथा पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नेपाल के पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव कुमार मंडल ने कहा कि अपने आराध्य एवं पूर्वज लोकदेव सोनाय महाराज की जन्मस्थली पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सोनाय महाराज की जन्मस्थली और समाधि स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा उनके जन्मदिवस पर राजकीय महोत्सव आयोजित किए जाने की मांग का समर्थन किया।
विधान पार्षद अजय कुमार सिंह ने भी राज्य सरकार से सोनाय महाराज के जन्मदिवस पर राजकीय महोत्सव आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वे सरकार और प्रशासन स्तर पर हरसंभव पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकदेव हमारी सांस्कृतिक पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। चाहे सोनाय महाराज हों, दीना-भद्री, मीरा साहब या खेदन महाराज—इन सभी महापुरुषों के इतिहास और विरासत को संरक्षित एवं प्रचारित करने की आवश्यकता है।
स्थानीय विधायक प्रो. रमेश ऋषिदेव ने कहा कि सोनाय महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले वर्ष यह आयोजन राजकीय महोत्सव के रूप में आयोजित होगा।
पूर्व सांसद विश्वमोहन कुमार ने सोनाय महाराज से जुड़ी गांव-गांव में स्थित धार्मिक एवं ऐतिहासिक संपत्तियों की सुरक्षा, संरक्षण और समुचित विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन स्थलों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनाय एकलव्य चेतना परिषद के अध्यक्ष रामकृष्ण मंडल ने की। महोत्सव में बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तथा नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं अनुयायी शामिल हुए। उद्घाटन समारोह में हजारों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप प्रदान किया।
तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोक संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।















No comments yet. Be the first to comment!