चौसा ,मधेपुरा/ कुमार साजन/ चौसा प्रखंड में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब नाच-गाने और जश्न के बीच अचानक एक डीजे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डीजे वाहन की चपेट में आने से एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना चौसा प्रखंड अंतर्गत लौआलागन पूर्वी पंचायत के पौरा टोला नंबर 08 की बताई जा रही है। बताया जाता है कि गांव में शादी समारोह को लेकर बारात और जुलूस निकाला जा रहा था। डीजे की धुन पर लोग नाचते-गाते खुशी मना रहे थे। इसी दौरान अचानक डीजे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में डीजे वाहन के नीचे दबकर प्रियंका देवी (35), पति अजीत मंडल, और बिट्टू कुमार (5), पिता मंटू मंडल, की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। कुछ ही पल पहले जहां डीजे की तेज आवाज और जश्न का माहौल था, वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर मातम और चीखों से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार डीजे वाहन शादी वाले परिवार का ही था और वाहन चालक नया था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त डीजे वाहन को भी जब्त कर थाना लाया गया है।

चौसा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त डीजे वाहन को जब्त कर थाना लाया गया है तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।