मधेपुरा। बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व को लेकर बधाइयों का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद सम्राट चौधरी को विभिन्न वर्गों से शुभकामनाएं मिल रही हैं।
इसी क्रम में मधेपुरा की निवासी भाजपा की प्रदेश नेत्री एवं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की प्रदेश सह-संयोजक कल्पना मेहता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई दी। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास को लेकर अपनी उम्मीदें भी व्यक्त कीं।
कल्पना मेहता ने कहा कि नई सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर चलते हुए ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में महिलाओं की आत्मनिर्भरता, रोजगार सृजन, विधि-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में इन सभी क्षेत्रों में और भी तेज गति से काम होगा और कई नए कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे।
कल्पना मेहता ने कहा कि सम्राट चौधरी शुरू से ही कर्मठ और कार्यशील व्यक्तित्व के धनी रहे हैं, यही वजह है कि एनडीए ने उन्हें अपना नेता चुना। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिहार में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा और राज्य नई ऊंचाइयों को छुएगा।















