मधेपुरा/ खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ शनिवार को बी.पी. मंडल इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त अरुण कुमार एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने कहा कि खेल से शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मधेपुरा की बेटियां भी निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में मधेपुरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को पूर्ण विश्वास है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी प्रमंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मधेपुरा का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में कराटे, वुशु, शतरंज, बैडमिंटन, योग एवं कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, सिंहेश्वर चंदन कुमार, कबड्डी संघ के सचिव रौशन कुमार, खो-खो संघ के सचिव बालकृष्ण कुमार, शतरंज संघ के सचिव अनुज कुमार, खेल शिक्षक मनोज कुमार, दिलीप कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खेल शिक्षक, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।















No comments yet. Be the first to comment!