मधेपुरा। सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में दार्जिलिंग पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए सफल छात्रों को शुभकामनाएँ दीं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक किशोर कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में यह उत्कृष्ट सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये बच्चे समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कला संकाय की छात्रा आयुषी कुमारी ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। आयुषी मूल रूप से बरूआरी गाँव की निवासी है। उसके पिता रोशन कुमार पुलिस अधीक्षक कार्यालय मधेपुरा में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता कुमकुम सिंह हैं।
आयुषी बचपन से ही मेधावी छात्रा रही है। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं नियमित अध्ययन को दिया। आयुषी ने बताया कि उसका सपना संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर देश सेवा करना है।
वहीं विज्ञान संकाय में आयुष आनंद ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संकाय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। इसके अलावा रुद्रांश राज ने 91.2 प्रतिशत, प्रीति कुमारी एवं देवेश मनु ने 90.6 प्रतिशत, सुगंध जायसवाल ने 87 प्रतिशत, आरती कुमारी ने 84 प्रतिशत, श्रेया सरन ने 83 प्रतिशत तथा सुभांग गांगुली ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के शिक्षकगण सुनील कुमार, उमेश कुमार, रीता गुप्ता, सरोज कुमार, दीपा छेत्री, संगीता तमांग, मौसमी सरकार, एस. एन. पोद्दार, चंद्रमणि गुप्ता, रिजवान जुनैद अली एवं ललन कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी।
विद्यालय परिसर में सफल विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल देखा गया।














