संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और छात्रों तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का लिया संकल्प
मधेपुरा। जनता दल (यूनाइटेड) के छात्र संगठन में अभिमन्यु पटेल पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है। उन्हें लगातार तीसरी बार छात्र जदयू मधेपुरा का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से समर्थकों और छात्र कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
बिहार प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) के छात्र प्रदेश अध्यक्ष धीरज पटेल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और छात्र प्रभारी रुहेल रंजन के अनुमोदन के बाद छात्र प्रकोष्ठ के नवमनोनीत विश्वविद्यालय एवं जिला-नगर अध्यक्षों की सूची जारी की। इसी सूची में अभिमन्यु पटेल को तीसरी बार मधेपुरा जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुनः जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर अभिमन्यु पटेल ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाया जाए।
अभिमन्यु पटेल ने कहा कि संगठन को व्यापक बनाने और छात्र-छात्राओं के बीच उसकी पहुंच बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदरणीय नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों और पार्टी की नीतियों को विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और पंचायतों के एक-एक छात्र तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए छात्र कार्यकर्ताओं को साथ लेकर अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव, आलमनगर विधायक सह बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, सिंहेश्वर विधायक एवं पूर्व मंत्री रमेश ऋषिदेव, बिहारीगंज विधायक निरंजन मेहता, बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. अमरदीप कुमार, मधेपुरा की जिलाध्यक्ष गुड्डी देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विजेंद्र नारायण यादव, संतोष संगम तथा युवा जदयू के जिलाध्यक्ष नवीन कुमार मेहता के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
अभिमन्यु पटेल ने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और छात्र कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से छात्र जदयू मधेपुरा में और अधिक मजबूत होगा तथा छात्रों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जाएगा।














No comments yet. Be the first to comment!