कुमार साजन/चौसा,मधेपुरा/ मधेपुरा जिले के चौसा थाना की पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही मामले के नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि बीते 9 जून 2026 को अपहृता की माता लौवालगान पश्चिमी निवासी ने चौसा थाना में अपनी पुत्री के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। इस संबंध में चौसा थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में कन्हैया कुमार उर्फ प्रेम कुमार, निवासी कोरियाधाम, थाना खड़गपुर, जिला मुंगेर को आरोपी बनाया गया था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपहृत युवती और आरोपी भटगामा चौक पर कहीं जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की और दोनों को भटगामा चौक से बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद युवती का न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा तथा उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। मामले की जांच एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।