मधेपुरा/ मधेपुरा में दिनदहाड़े दो युवकों के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि, मधेपुरा पुलिस ने बेहद तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया और दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले का खुलासा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया।
एएसपी ने बताया कि 9 मई को मदनपुर निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना में आवेदन देकर सूचना दी कि उनका पुत्र मनोहर कुमार और दामाद करण कुमार मधेपुरा मेडिकल कॉलेज से दवा और रिपोर्ट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज चौक के पास दोनों को अगवा कर लिया गया। इसके बाद अपहृतों के मोबाइल से ही परिजनों को कॉल कर फिरौती मांगी जाने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जाल बिछाया। इसी बीच अपराधियों ने फिरौती की रकम लेकर परिजनों को कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के पास बुलाया।
पुलिस पहले से ही सादी वर्दी में मौके पर तैनात थी। जैसे ही एक बदमाश अपहृत करण कुमार को लेकर फिरौती लेने पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिरखी निवासी ज्योतिष कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने करण कुमार को मौके से सुरक्षित मुक्त करा लिया।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किरण पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान से दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को भी बरामद कर लिया। वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी सोनू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार सोनू कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वह लूट और शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
इस पूरे ऑपरेशन में सदर थानाध्यक्ष विगलेन्दु कुमार और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली है।














