मधेपुरा/ मधेपुरा कोर्ट परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न श्रेणी के कुल 1260 मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निष्पादन किया गया। इस दौरान लंबित मामलों के निपटारे के साथ-साथ जुर्माना एवं ऋण मद में कुल 2 करोड़ 50 लाख 31 हजार 260 रुपये की वसूली भी की गई।
लोक अदालत के सफल संचालन के लिए पूरे न्यायालय परिसर में 12 अलग-अलग बेंचों का गठन किया गया था, जबकि पक्षकारों की सुविधा के लिए दो हेल्प डेस्क भी बनाए गए थे। सुबह से ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) अध्यक्ष बलराम दुबे और डीएलएसए सचिव पूजा कुमारी साहा लगातार सभी बेंचों का निरीक्षण करते रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला जज ने पीठासीन अधिकारियों और संबंधित विभागीय प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कई पक्षकारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत लोगों को कम समय में सरल, सुलभ और निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना ही न्यायपालिका का मुख्य उद्देश्य है।
डीएलएसए सचिव पूजा कुमारी साहा ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न विभागों से कुल 30 हजार 672 लंबित मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया था। इनमें से 1260 मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से सफल निष्पादन किया गया। उन्होंने बताया कि निष्पादित मामलों में कुछ ऐसे मामले भी शामिल थे जो करीब 20 वर्षों से लंबित थे। ऐसे पुराने मामलों के निपटारे से लोगों को बड़ी राहत मिली है और लोक अदालत के प्रति आम लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
निष्पादित मामलों में आपराधिक सुलहनीय मामलों की संख्या सबसे अधिक रही। इसके अलावा बैंक ऋण, यातायात, बिजली, टेलीफोन, वाहन दुर्घटना एवं अन्य सुलहनीय मामले भी शामिल रहे। वसूली गई राशि में सबसे अधिक रकम बैंक से जुड़े मामलों से प्राप्त हुई।
राष्ट्रीय लोक अदालत के संचालन में एडीजे सतीश कुमार, धीरेन्द्र कुमार, अमित कुमार पांडेय, रघुवीर प्रसाद, सीजेएम नूतन कुमारी, एसीजेएम योगेश कुमार मिश्रा, शोभा कुमारी, विकास कुमार, शोभना श्वेतांकी, एसडीजेएम आशुतोष अभिमन्यु, मुंसिफ अनुम सिद्दीकी एवं जेएम शशांक कुमार समेत कई न्यायिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं अधिवक्ताओं ने भी मामलों के सुलह आधारित निष्पादन में सक्रिय सहयोग दिया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मधेपुरा बलराम दुबे, जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन, पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ,डीएलएसए सचिव पूजा कुमारी साहा, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जवाहर सिंह, सचिव हेलो बाबु आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया । इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारीगण, अधिवक्तागण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न विभागो से प्रस्तुत किये गए 30,672 मामलो में 1260 मामलो का निष्पादन सुलह के आधार पर किया गया।जिसमे आपराधिक सुलहनीय 597,एन आई एक्ट और वित्त विभाग से एक एक ,सभी बैंको से मिलाकर 181,यातायात से 225,बिजली विभाग से 104,टेलीफोन से 2,सुलहनीय अन्य मामले 149 और वाहन दुर्घटना से सम्बन्धित 3 मामले शामिल है। वहीं वसूली किये गए 2,50,31,260 रूपये में बैंक से जुड़े सभी मामलो को मिलाकर 1,92,13,343 रूपये,वित्त से 1,34,790 रूपये, यातायात से 9,58,500 रूपये, बिजली विभाग से 6,79,241 रूपये और टेलीफोन से जुड़े मामलो में 4,269 रूपये शामिल है।














