मधेपुरा/ चौसा प्रखंड अंतर्गत गांधी उच्च विद्यालय, अरजपुर में विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है। विद्यालय प्रशासन ने बेहतर अनुशासन, नियमित उपस्थिति और सहपाठियों के प्रति सहयोग की भावना जैसे सकारात्मक गुणों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक माह ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ सम्मान देने का निर्णय लिया है।
इसी क्रम में शुक्रवार को फरवरी माह के लिए कक्षा सात की छात्रा ऋतु कुमारी को ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक जफर अहमद ने छात्रा को सम्मानित करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही।
इस अवसर पर शिक्षक कमलेश कुमार ने कहा कि इस तरह के सम्मान बच्चों में आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। इससे विद्यार्थी न केवल पढ़ाई में बल्कि व्यवहार और अनुशासन में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यालय में एक सकारात्मक और उत्साहवर्धक वातावरण का निर्माण करते हैं, जहां मेहनत और अच्छे आचरण को पहचान और सम्मान मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अनुज कुमार, देव राम कुमार, राजेंद्र कुमार, लिपिक अबुल कलाम आजाद, शिक्षिका सुषमा कुमारी, रचना कुमारी, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर अनिता कुमारी एवं शहनाज खातून सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।














