उदाकिशुनगंज,मधेपुरा/ अनुमंडल के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के इजमाईल घाट वार्ड संख्या 13 निवासी मजदूर संजय मंडल का पिछले छह माह से कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाना में मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज हुए एक माह बीत जाने के बाद भी संजय का पता नहीं चलने से परिवार के लोग सहमे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, संजय मंडल 18 अक्टूबर 2025 को मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गया था। बताया जाता है कि आलमनगर प्रखंड के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गांव निवासी विवेक मंडल उसे काम दिलाने के लिए अपने साथ ले गया था। वहां नासिक जिले के मानवर चांदपुर मौसम मार्केट में सेलर का काम मिलने की बात कही गई थी, जिसमें 18 हजार रुपये मासिक वेतन और खाने-रहने की व्यवस्था का आश्वासन दिया गया था।
संजय की पत्नी सीता देवी ने बताया कि काम पर जाने के कुछ महीनों बाद तक उनके पति से मोबाइल पर बातचीत होती रही। लेकिन 8 दिसंबर 2025 को जब संजय ने अपनी मजदूरी की रकम मांगी, तो विवेक मंडल, उसके पिता राजदेव मंडल और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। इसके बाद से ही वह लापता है और परिवार से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब संजय का कोई पता नहीं चला, तब पत्नी ने 25 मार्च 2026 को ग्वालपाड़ा थाना में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। परिवार को आशंका है कि संजय के साथ कोई गंभीर घटना घट चुकी है।
इस संबंध में एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।














