राजीव कुमार | गम्हरिया, मधेपुरा l प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार भवन में मंगलवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। प्रखंड प्रमुख शशी कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, बैठक में कई विभागों के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी गई। किसानों को खाद उपलब्ध कराने, खाद की कथित कालाबाजारी और अंचल कार्यालय में कार्यों को लेकर लोगों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी सदन में प्रमुखता से उठा।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान अंचलाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी के अनुपस्थित रहने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। प्रखंड प्रमुख शशी कुमार ने कहा कि पंचायत समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर आते हैं। ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि समस्याओं पर सीधे चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बैठक में विभागीय पदाधिकारियों की मौजूदगी से जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। मामले पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार ने कहा कि बैठक से अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
खाद की उपलब्धता और कथित कालाबाजारी का मामला उठा
बैठक में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ प्रतिनिधियों ने खाद की कथित कालाबाजारी की शिकायतों का भी उल्लेख किया।
जनप्रतिनिधियों का कहना था कि कई खाद दुकानदार अपनी सुविधा के अनुसार दुकान खोलते हैं। इससे किसानों को यूरिया समेत अन्य उर्वरक के लिए भटकना पड़ता है। किसानों को समय पर और निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद उपलब्ध कराने की मांग सदन में उठाई गई।
अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर भी सवाल
बैठक में अंचल कार्यालय से जुड़े कार्यों को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने अपनी नाराजगी जताई। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि आम लोगों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है और कुछ मामलों में बिचौलियों के माध्यम से काम कराए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं।
जनप्रतिनिधियों ने ऐसे मामलों की जांच कर लोगों को पारदर्शी और सुगम तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पंचायत समिति की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग जनप्रतिनिधियों ने की।















No comments yet. Be the first to comment!