डीएम अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक, खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर दिया गया जोर

मधेपुरा। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में 28 से 30 अक्टूबर तक राज्यस्तरीय विद्यालय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक-बालिका टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता मधेपुरा के टाउन हॉल में आयोजित होगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार, 26 अक्टूबर को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में झल्लू बाबू सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रतियोगिता के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की हर आवश्यकता का ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में खिलाड़ियों एवं दल प्रभारियों के आवासन, भोजन, परिवहन, प्रतियोगिता स्थल की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और पंजीयन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। संबंधित समितियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने का निर्देश दिया गया।

बिहार के नौ प्रमंडलों से पहुंचेंगे खिलाड़ी

उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आम्रपाली ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे बिहार के नौ प्रमंडलों एवं एक एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र से लगभग 300 खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित है। इसके अलावा करीब 60 दल प्रभारी और 24 तकनीकी अधिकारी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

बैठक में कई पदाधिकारी एवं खेलकर्मी रहे मौजूद

समीक्षात्मक बैठक में विकास आयुक्त अरुण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी शंकर शरण सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं खेलकर्मी उपस्थित रहे। बैठक में खेल शिक्षक अरुण कुमार, विमल कुमार भारती, मनोज कुमार, अविनाश कुमार, बालकृष्ण कुमार, रितेश रंजन, अमित कुमार, मिथिलेश कुमार, गुलशन कुमार, निशु कुमार सिन्हा, कैलाश कुमार, चंदन कुमार, मिथुन कुमार, नरेश कुमार, मिथिलेश कुमार राणा, संजय कुमार, नीरज कुमार, उज्ज्वल कुमार, गौरी कुमार, निरंजन कुमार, राकेश कुमार, प्रेम कुमार, लुसी कुमारी, सोनी राज एवं दीपमाला कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।