मुरलीगंज (मधेपुरा)। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के प्रोजेक्ट मेगा प्लांटेशन 2.0 के अंतर्गत मधेपुरा से पूर्णिया बॉर्डर तक वृक्षारोपण करने के संकल्प को लेकर रविवार को मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देना तथा आम लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा।

अभियान के तहत यूथ सेल जिला इकाई मधेपुरा के जिला अध्यक्ष सह टीम कॉर्डिनेटर पूर्णिया अंकित कश्यप एवं पूर्णिया जिला इकाई अध्यक्ष आशीष प्रकाश के संयुक्त तत्वावधान में जीतापुर शिव मंदिर से बुधमा हाट होते हुए एनएच-107 तक लगभग एक किलोमीटर के क्षेत्र में पौधरोपण किया गया।

विभिन्न प्रजातियों के 120 पौधे लगाए गए

वृक्षारोपण अभियान के दौरान सड़क किनारे लगभग एक किलोमीटर के दायरे में कुल 120 पौधे लगाए गए। इसमें महोगनी, सागवान, नीम, जिमल, जामुन, गुलमोहर, आम, लीची, शीशम और बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लोगों को प्रेरित करना है।

अभियान के दौरान मौजूद ग्रामीणों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के बीच कटहल, आम, लीची, जामुन एवं महोगनी के लगभग 75 पौधे वृक्षारोपण के लिए वितरित किए गए। पौधों के वितरण से ग्रामीणों में भी अपने आसपास पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के प्रति उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

आयोजकों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

इन सदस्यों का रहा अहम योगदान

वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में पूर्णिया जिला इकाई के जिलाध्यक्ष आशीष प्रकाश, मधेपुरा जिला इकाई के यूथ प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सह टीम कॉर्डिनेटर पूर्णिया अंकित कश्यप, सदस्य मुन्ना कुमार सिंह, रितेश कुमार, नवीन यादव, राबेन, शंभू सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अभियान में शामिल सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे।

मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के प्रोजेक्ट मेगा प्लांटेशन 2.0 के तहत आयोजित इस अभियान से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश पहुंचा। आयोजकों का संकल्प है कि मधेपुरा से पूर्णिया बॉर्डर तक हरियाली को बढ़ावा देने के लिए लगातार पौधरोपण किया जाएगा और लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।