बबलू कुमार । मधेपुरा। जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल की जयंती की पूर्व संध्या पर जीवन सदन, मधेपुरा में भारतीय शल्य चिकित्सक संघ (बिहार चैप्टर), आईएमए मधेपुरा शाखा और लायंस क्लब मधेपुरा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आईजीआईएमएस, पीएमसीएच और पटना के निजी अस्पतालों से पहुंचे विभिन्न विशेषज्ञता वाले 20 चिकित्सकों ने 504 मरीजों का स्वास्थ्य मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव रॉय, मधेपुरा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी.एस. मल्होत्रा, डीआईजी ए.के. पांडे, मधेपुरा एसपी संदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. विपिन गुप्ता, आईजीआईएमएस के चिकित्सक एवं शिविर के समन्वयक डॉ. मनीष मंडल, आईएमए के पदाधिकारी आदि ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया ।।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथियों एवं स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल के पुत्रों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दीप प्रज्वलन के बाद अतिथियों ने शिविर को संबोधित किया।
पिता की स्मृति में स्वास्थ्य सेवा का संकल्प : भारतीय शल्य चिकित्सक संघ (बिहार चैप्टर) के सचिव एवं स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल के पुत्र डॉ. मनीष मंडल ने कहा कि पिता जी डॉ. अरुण कुमार मंडल ने मधेपुरा के लोगों की चिकित्सा सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी स्मृति को जीवंत रखने और मधेपुरा के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जयंती के अवसर पर यह शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में गैस्ट्रो सर्जरी, गैस्ट्रो मेडिसिन, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, नेत्र, सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, स्त्री रोग, डाइटेटिक्स और ईएनटी सहित 16 विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इनमें न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो मेडिसिन और पल्मोनोलॉजी विभाग में मरीजों की सबसे अधिक भीड़ रही।
एआई आधारित जांच सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं : स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल के छोटे पुत्र आशीष आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ कई अत्याधुनिक जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इनमें रेटिनोपैथी के लिए एआई आधारित नेत्र जांच, विटामिन-डी के लिए बोन स्कैन टेस्ट, ब्लड शुगर जांच और अत्याधुनिक मशीन से ईसीजी जैसी सुविधाएं शामिल थीं। उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक एआई आधारित ब्लड एनालिसिस मशीन और आई-स्कैन मशीन को भविष्य में मधेपुरा के सिविल सर्जन को दान किया जाएगा, ताकि जिले के स्थानीय लोगों को इन मशीनों की सुविधा उपलब्ध हो सके और जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ निःशुल्क मिल सके।

शिविर में पूर्व पंजीकृत मरीजों के साथ मौके पर पंजीकरण कराने वाले मरीजों का भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जाँच किया गया। जांच के बाद मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार आगे के उपचार और प्रबंधन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
डॉ. मनीष मंडल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भी स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल की जयंती के अवसर पर इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे और इसे भविष्य में और बड़े स्तर पर आयोजित करने का प्रयास होगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत : न्यायमूर्ति राजीव रॉय
शिविर का उद्घाटन करते हुए पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने कहा कि मधेपुरा में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हुआ है, लेकिन इसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। स्थानीय प्रशासन और सरकार के सहयोग से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को हर व्यक्ति को जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। यदि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी स्तर पर कोई कमी है तो आम लोग सरकार और प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकते हैं, ताकि उस पर ध्यान दिया जा सके। न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने स्वर्गीय डॉ. ए.के. मंडल को अपने लिए पितातुल्य बताते हुए कहा कि उनके दोनों पुत्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में मधेपुरा, पटना और दिल्ली स्तर पर लोगों की मदद कर उनके सेवा भाव की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति : मधेपुरा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश जी.एस. मल्होत्रा ने कहा कि यह स्वास्थ्य शिविर मधेपुरा के लोगों के लिए काफी उपयोगी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श मिलने से लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही धन है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को जीवन में प्रमुख महत्व देना चाहिए।

पूरे आईजीआईएमएस को मधेपुरा ले आए : डीआईजी ए.के. पांडे ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. मनीष मंडल ने बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों को मधेपुरा लाकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का अवसर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह के शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं।

मधेपुरा एसपी संदीप सिंह ने कहा कि खुद चिकित्सकीय पृष्ठभूमि होने के कारण वह समझ सकते हैं कि 16 अलग-अलग विभागों के 20 विशेषज्ञ चिकित्सकों को एक जगह लाकर इतने बड़े स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना कितना कठिन कार्य है। उन्होंने कहा कि मधेपुरा के लोगों के लिए डॉ. मनीष मंडल और उनकी टीम द्वारा लगाया गया समय और ऊर्जा सराहनीय है।
शिविर में सेवा देने वाले चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ को उद्घाटनकर्ता न्यायमूर्ति राजीव रॉय, मुख्य अतिथि, सम्मानित अतिथि एवं अन्य विशेष अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

शिविर में डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. सुरेंद्र कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अनुज कुमार, डॉ. आनंद शंकर, डॉ. प्रेम शंकर पटेल, डॉ. सुनील किशोर, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. पूनम, डॉ. सचिन कुमार, डॉ. सिंटू कुमार, डॉ. गौरव पटेल, डॉ. द्रुवित कुमार सिंह, डॉ. अभिमन्यु वत्स, डॉ. प्रतीक बंसल, डॉ. मल्हार बांभोलिया, डॉ. नेत्रानंद आचार्य, डॉ. रेम्या रेघु और डॉ. सुप्रिया सक्सेना, डायटेसियन अनामिका सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।

कार्यक्रम में लायंस क्लब मधेपुरा के अध्यक्ष विकास सराफ, सचिव आलोक मंडल, सुधांशु कुमार, सुशील कुमार, गजेंद्र कुमार, विवेक सराज सहित लायंस क्लब के कई सदस्य और आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मनीष सर्राफ ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने न्यायमूर्ति राजीव रॉय सहित सभी न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, पटना से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों, तकनीकी टीम, लायंस क्लब एवं मारवाड़ी समाज के सदस्यों और शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सकों द्वारा बड़ी संख्या में मरीजों को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ स्वास्थ्य परामर्श देने के लिए धन्यवाद दिया।















No comments yet. Be the first to comment!