मधेपुरा। मधेपुरा के बीपी मंडल टाउन हॉल में बुधवार को राज्यस्तरीय विद्यालय अंतर प्रमंडल टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 का विधिवत शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार, पटना और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, मधेपुरा के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 28 से 30 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार की टीम के चयन की प्रक्रिया भी जुड़ी है, जो राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन आयोजन समिति के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, विकास आयुक्त अरुण कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा) मुकेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार, जिला योजना पदाधिकारी उमाशंकर कुमार, बिहार राज्य टेबल टेनिस संघ के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार तथा होली क्रॉस स्कूल की निदेशक डॉ. वंदना घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि टेबल टेनिस एक बेहतरीन खेल है। खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन कर बिहार की एक मजबूत टीम तैयार करने की अपील की, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इस दौरान टेबल टेनिस संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्रशेखर ने कहा कि मधेपुरा जिला प्रशासन द्वारा एक बेहतरीन माहौल और अच्छे व्यवस्था के साथ आयोजन किया गया है राज्यभर के खिलाडी यहाँ अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे ।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन : उद्घाटन समारोह के दौरान कलाकारों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, बिहार गौरव गाथा और छठ गीत पर आधारित नृत्य-नाटिका की जीवंत प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समारोह को आकर्षक बनाया।

तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में होगी प्रतियोगिता : उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अम्रपाली कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता के संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से आठ तकनीकी पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जबकि चार स्थानीय तकनीकी पदाधिकारी भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रतियोगिता का संचालन और निर्णयन निर्धारित तकनीकी व्यवस्था के तहत किया जा रहा है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से पंकज कुमार पांडेय, पटना को सह मुख्य निर्णायक सह चयनकर्ता तथा सायका परवीन, पटना को उप मुख्य निर्णायक सह चयनकर्ता की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा नंदिनी, पटना, प्रदीप मिश्रा और एसएम अहद, बेगूसराय, शिवनाथ कुमार सिंह, समस्तीपुर, मनीष कुमार और प्रियांशु कुमार पटेल, मधेपुरा तकनीकी दायित्वों में शामिल हैं।

स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय अंपायर सह मधेपुरा जिला टेबल टेनिस संघ के सचिव प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, अभिजीत कुमार, आर्यमन स्थित पार्वतीयार और सुमित कुमार प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की अहम भूमिका : प्रतियोगिता के आयोजन में जिले के शारीरिक शिक्षा शिक्षक और स्वास्थ्य अनुदेशक भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया। समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारियों, खेल संघ के प्रतिनिधियों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े अन्य कर्मियों की उपस्थिति रही।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए बिहार की टीम में जगह बनाने और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने का रास्ता खुलेगा।