मधेपुरा/ जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने गुरुवार को न्यू बस स्टैंड का स्थल निरीक्षण किया और इसके शीघ्र संचालन को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि न्यू बस स्टैंड को हर हाल में जल्द से जल्द चालू किया जाए, ताकि आमजनों को आधुनिक और व्यवस्थित यात्री सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने बस स्टैंड पर आवश्यक बुनियादी सुविधाओं—जैसे यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा—को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड के समीप ऑटो स्टैंड के निर्माण का भी निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि यात्रियों को बस से उतरने के बाद स्थानीय परिवहन के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सबसे अहम निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि जिले की सभी बसों का परिचालन अब न्यू बस स्टैंड से ही सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
प्रशासन की इस पहल को शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














