मधेपुरा/ नववर्ष के उपलक्ष्य में गुरुवार को मधेपुरा के बीएन मंडल स्टेडियम में मीडिया इलेवन और लीजेंड इलेवन टीम के बीच एक दोस्ताना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लीजेंड इलेवन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 123 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अनिल गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। पूरी टीम 13.1 ओवर में मात्र 58 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह लीजेंड इलेवन ने मीडिया इलेवन को 65 रनों से पराजित कर मुकाबले में जीत दर्ज की।मीडिया इलेवन की ओर से अमितेश सोनू, मुरारी सिंह, मुकेश झा, प्रशांत कुमार, सुशांत, मनीष, बंटी, सवितानंदन सहित अन्य खिलाड़ियों ने मैच में भाग लिया। वहीं लीजेंड इलेवन टीम में राहुल, वैभव, संतोष, अमरनाथ पोद्दार, महेश कुमार, मनोज, आलोक, मोनी सिंह, आशीष सोनू और मनीष शामिल रहे। मैच के दौरान सरोज कुमार, मुकुल वर्मा, सुनीत साना, विकास कुमार पल्टू, अमित कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।