राजीव कुमार। गम्हरिया, मधेपुरा। गम्हरिया थाना क्षेत्र के भागवत चौक स्थित +2 उच्च विद्यालय प्रेमलाल टोला के सामने ट्रांसफार्मर के समीप करंट की चपेट में आने से एक भैंस और एक सूअर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने सिंघेश्वर-सुपौल मुख्य पथ को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के अनुसार, वार्ड नंबर-10 निवासी शिवकुमार यादव की करीब 40 हजार रुपये मूल्य की भैंस ट्रांसफार्मर के समीप करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान वार्ड नंबर-1 निवासी अशोक मल्लिक का सूअर भी उसी स्थान पर करंट की चपेट में आ गया और उसकी भी मौके पर मौत हो गई। एक ही स्थान पर लगातार दो पशुओं की मौत से ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद शिकायत किए जाने के बाद भी ट्रांसफार्मर और जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि खुले में इसी तरह करंट प्रवाहित होता रहा तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है और किसी इंसान की जान भी जा सकती है। प्रदर्शन कर रहे पशुपालकों ने मृत पशुओं के उचित मुआवजे तथा बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
सड़क जाम के कारण सिंघेश्वर-सुपौल मुख्य पथ पर करीब दो घंटे से अधिक समय तक आवागमन प्रभावित रहा।समाचार प्रेषण तक पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल कराने के प्रयास में जुटा रहा।















No comments yet. Be the first to comment!