सिंहेश्वर (मधेपुरा)। सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। यह वीडियो कथित रूप से दूसरे समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा था, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
मामले की जानकारी देते हुए पुअनि अंकिता कुमारी ने बताया कि थाना में ड्यूटी के दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होता दिखाई दिया। वीडियो में चार युवक एक वाहन पर बैठकर दूसरे धर्म के व्यक्ति के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते नजर आ रहे थे। यह वीडियो इंस्टाग्राम हैंडल ranveer_bihari_00 से पोस्ट किया गया था, जो देखते ही देखते क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए वीडियो में शामिल युवकों की पहचान की। जांच में पता चला कि सभी युवक पटोरी के अलग-अलग वार्ड के निवासी हैं। इनमें वार्ड संख्या 9 निवासी रणवीर कुमार, सुमन कुमार तथा वार्ड संख्या 7 निवासी मंतोष कुमार और धीरज कुमार शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रपुअनि रोशनी कुमारी, प्रपुअनि रविशंकर कुमार, प्रपुअनि उदय कुमार भानु और पुअनि जयनंदन राम की टीम के साथ पुलिस पटोरी वार्ड संख्या 9 पहुंची। इस दौरान आसपास के दूसरे समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों से संवाद स्थापित किया और शांति बनाए रखने की अपील की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी रणवीर कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह वीडियो करीब तीन-चार महीने पहले अपने साथियों के साथ मिलकर एक ऑटो में बनाया गया था और बाद में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया। उसने यह भी बताया कि वीडियो को बाद में डिलीट कर दिया गया था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित सांप्रदायिक तनाव को समय रहते टाल दिया गया, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।














