रात एक बजे ही खोलने पड़े गर्भगृह के पट, चारों दिशाओं से पहुंचे श्रद्धालु; सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा प्रशासन
सिंहेश्वर (मधेपुरा)। श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर बाबा सिंहेश्वरनाथ की नगरी में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सोमवार शाम तक करीब दो लाख श्रद्धालु सिंहेश्वर पहुंचे। रविवार देर रात से ही चारों दिशाओं से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की सड़कें और चौक-चौराहे तक हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले ही रात एक बजे बाबा के गर्भगृह के पट खोल दिए। सामान्य दिनों में पट खुलने का समय रात दो बजे निर्धारित है। पट खुलते ही श्रद्धालुओं की कतारें तेजी से आगे बढ़ने लगीं और मंदिर परिसर जयघोष से गूंज उठा।
पट खुलने से पहले पंडित संजीव कुमार ठाकुर उर्फ मुन्ना बाबा और कन्हैया ठाकुर ने भोग एवं आरती संपन्न कराई। इसके बाद विधि-विधान से सरकारी पूजा हुई। सरकारी पूजा में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी प्रवेंद्र भारती, डीसीएलआर, सीओ नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
डाक बम और कांवरियों की भी रही भीड़
दूसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र और फूल लेकर बाबा के दरबार पहुंचे। डाक बम और कांवरियों के जत्थे भी लगातार मंदिर की ओर बढ़ते रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भी बाबा के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखा।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासन की विशेष व्यवस्था रही। अधिकारी लगातार भीड़ की स्थिति पर नजर रखते रहे और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर तक पहुंचाने में जुटे रहे। निर्धारित समय से पहले पट खोलने का फैसला भी भीड़ का दबाव कम करने के उद्देश्य से लिया गया।
श्रावण की दूसरी सोमवारी पर सिंहेश्वरनाथ धाम में उमड़ा जनसैलाब बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और विश्वास का जीवंत प्रमाण बना।















No comments yet. Be the first to comment!