मुरलीगंज,मधेपुरा/ मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 पर सोमवार शाम कृष्णा इंस्टीट्यूट के समीप एक फेरीवाले से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टा के बट से उसके सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान मुरलीगंज नगर क्षेत्र के वार्ड 14 निवासी धीरज सिंह (50) के रूप में हुई है।

घायल धीरज सिंह ने बताया कि वह साइकिल पर कपड़े लादकर गांव-देहात में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। सोमवार शाम डुमरिया की ओर से कपड़े बेचकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कृष्णा इंस्टीट्यूट और निक्की पेट्रोल पंप के बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी साइकिल रोक ली और रुपये की मांग करने लगे। धीरज सिंह के अनुसार, उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो बदमाशों ने कट्टा निकालकर उन्हें डराने का प्रयास किया। इसके बावजूद उन्होंने रुपये नहीं दिए। इसी बीच सड़क पर लोगों की आवाजाही शुरू होने लगी। इससे बदमाशों ने कट्टा के बट से उनके सिर पर वार कर दिया। वार लगने से उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों बदमाश मुरलीगंज के तरफ भाग गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉ जितेंद्र कुमार जितेश ने इलाज किया। इलाज के बाद घायल की स्थिति सामान्य बताई गई। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर घटना में शामिल बदमाशों की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस को घटना की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया।