मधेपुरा। किरण पब्लिक स्कूल, मधेपुरा में सावनोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ विद्यालय की निदेशिका किरण प्रकाश, प्रबंध निदेशक अमन प्रकाश एवं प्राचार्य ओम कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सावन, प्रकृति, हरियाली एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और आकर्षक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर सावन के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का मंच संचालन वर्ग 8 की छात्राओं आरुषि एवं अर्पिता ने आत्मविश्वास एवं प्रभावशाली ढंग से किया। दोनों छात्राओं के कुशल मंच संचालन की उपस्थित लोगों ने सराहना की। विद्यालय की निदेशिका किरण प्रकाश ने कहा कि सावनोत्सव हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, प्रकृति एवं परंपराओं से जुड़ा उत्सव है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रबंध निदेशक अमन प्रकाश ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का सर्वांगीण विकास करना भी है। प्राचार्य ओम कुमार ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम संयोजकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम पी आर ओ दिलखुश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
सावनोत्सव का समापन उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।















No comments yet. Be the first to comment!