कुमारखंड (मधेपुरा), । श्रीनगर थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लूटपाट की नीयत से एक बाइक सवार युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देशी लोडेड कट्टा, एक देशी मास्केट और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे परमानंदपुर वार्ड संख्या-7 निवासी सिकंदर कुमार बाइक से लक्ष्मीपुर भगवती पंचायत के तिनकोनमा फाटक स्थित अपने संबंधी के घर से वापस लौट रहे थे। फाटक से आगे मुसहरी चौक के पीछे पहुंचते ही पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। सिकंदर ने बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।
गोली सिकंदर के बाएं हाथ में लगी। गोली चलने की आवाज और लोगों के पहुंचने की आहट मिलते ही बदमाश मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल सिकंदर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का फर्द बयान दर्ज किया। सिकंदर ने अपने बयान में लक्ष्मीपुर भगवती पंचायत के वार्ड संख्या-14 निवासी पंचु दास समेत तीन बदमाशों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया। इसके बाद श्रीनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।
घर में वारदात की साजिश रचने की सूचना पर छापेमारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नामजद आरोपी पंचु दास अपने घर पर अन्य साथियों के साथ बैठकर किसी दूसरी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआई विकास कुमार पासवान, एसआई अंशु कुमारी, एएसआई कमल किशोर, मनोहर कुमार एवं सशस्त्र बलों की टीम ने पंचु दास के घर पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने पंचु दास और उसके सहयोगी रामनगर महेश निवासी अमित कुमार को दबोच लिया। वहीं, एक अन्य आरोपी प्रमोद राम पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक देशी लोडेड कट्टा, एक देशी मास्केट और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पंचु दास का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पंचु दास का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मधेपुरा के श्रीनगर थाना के अलावा सुपौल के जदिया, पूर्णिया के बनमनखी, अररिया के रानीगंज और सहरसा सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक पंचु दास करीब छह वर्षों तक जेल में बंद था और लगभग तीन माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसके फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होने की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल फरार आरोपी प्रमोद राम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।















No comments yet. Be the first to comment!