मधेपुरा। जिला मुख्यालय स्थित कला भवन में रविवार को कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बिहार विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब पांच हजार स्नातक मतदाताओं ने भाग लिया। जिले में पहली बार स्नातक मतदाताओं की जागरूकता को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा। मंच पर पहुंचते ही रजनीश रंजन का मतदाताओं ने फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया। मधेपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर प्रणव प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने मिले जनसमर्थन और आशीर्वाद के लिए मतदाताओं के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यदि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के आशीर्वाद से वे एमएलसी बनते हैं तो स्नातक मतदाताओं के हक और अधिकार की आवाज सदन से सड़क तक मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने अपने सात निश्चय की चर्चा करते हुए बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज रहित पांच लाख रुपये तक ऋण/अनुदान की व्यवस्था कराने, एक पाठ्यक्रम-एक वेतनमान लागू कराने तथा वित्त रहित संस्थानों की समस्या समाप्त कराने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने सभी स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदा कर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था की मांग को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
उन्होंने सभी कोटि के वकालतखानों की आधारभूत संरचना मजबूत करने और अधिवक्ताओं के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर की स्थापना, जिला मुख्यालय में सुसज्जित पुस्तकालय को विकसित करने तथा अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय और ई-लाइब्रेरी की स्थापना को भी अपने चुनावी एजेंडे में शामिल किया। सातवें निश्चय के तहत बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ते की व्यवस्था लागू कराने की बात कही।
कार्यक्रम में स्नातक मतदाताओं ने रोजगार, पलायन और शिक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे, जिनका रजनीश रंजन ने धैर्यपूर्वक जवाब दिया। पलायन के सवाल पर उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार के स्तर पर हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद मतदाताओं ने रजनीश रंजन के प्रति समर्थन जताया। वहीं, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 14 जिलों से पहुंचे टीम रजनीश के कोर सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उनके पक्ष में अधिकाधिक मतदान कराने का भरोसा दिलाया।
रेडियो ईस्ट एंड वेस्ट की महानिदेशिका सह भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय की सीनेट सदस्य मनीषा रंजन ने कार्यक्रम में पहुंचे स्नातक मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि रजनीश रंजन एमएलसी बनते हैं तो वे मधेपुरा के बेटे के रूप में स्नातक मतदाताओं के हक और अधिकार के लिए सदन से सड़क तक संघर्ष करेंगे।