उदाकिशुनगंज (मधेपुरा),। उदाकिशुनगंज नगर परिषद की अध्यक्ष अनसूईया देवी ने सोमवार को वार्ड पार्षदों के साथ नगर परिषद कार्यालय में ताला जड़कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। उन्होंने अपनी, वार्ड पार्षदों, कार्यपालक पदाधिकारी और नगर परिषद कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक सरकार ठोस सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराती, तब तक कार्यालय का कामकाज बाधित रहेगा।
अध्यक्ष अनसूईया देवी ने कहा कि राज्य में लगातार नगर निकायों के अध्यक्षों और कार्यपालक पदाधिकारियों पर हमले तथा हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भय के माहौल में जिम्मेदारियों का निर्वहन करना मुश्किल होता जा रहा है।
उन्होंने हाल ही में डेहरी-डालमियानगर के नगर कार्यपालक पदाधिकारी स्वर्गीय डॉ. विमल कुमार की हत्या तथा बिहार में एक नगर सभापति की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं पूरे नगर निकाय तंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। इन्हीं घटनाओं के विरोध में नगर परिषद कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर सरकार से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जा रही है।
इस दौरान स्वर्गीय डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
मौके पर मुख्य सभापति प्रतिनिधि कर्ण कुमार उर्फ टीपू मिश्रा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संजय मंडल, संतोष यादव, राजेश दास, सुमित कुमार, चंदन मेहतर समेत अन्य वार्ड पार्षद एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।















No comments yet. Be the first to comment!