सिंहेश्वर/शंकरपुर (मधेपुरा)। सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में श्राद्ध भोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक रामु यादव के पुत्र श्रवण कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में नौ नामजद आरोपियों के साथ 10 से 15 अज्ञात अपराधियों को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक अगस्त की रात हुई घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर और शंकरपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से कई खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने के साथ घटना में प्रयुक्त हथियारों की भी जांच कर रही है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, श्राद्ध भोज के दौरान हथियारबंद अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें रामु यादव की मौत हो गई, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में कराया जा रहा है, वहीं शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में विवेक यादव, विनोद यादव, मनखुश यादव, मुकेश कुमार, अखिलेश कुमार, रौशन कुमार, दिलखुश कुमार उर्फ पखना, अमलेश कुमार और प्रिंस कुमार को नामजद किया गया है। इसके अलावा 10 से 15 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।















No comments yet. Be the first to comment!