मधेपुरा। ऑनलाइन दवाओं की अवैध बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में जिले के दवा व्यवसायी 20 मई को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। मधेपुरा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने भी इस हड़ताल का समर्थन करते हुए जिले के सभी दवा विक्रेताओं से अपनी-अपनी दुकानें बंद रखने की अपील की है।
एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर यह हड़ताल आयोजित की जा रही है।
मधेपुरा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष सर्राफ, सचिव किशोर कुमार, कोषाध्यक्ष विकास सर्राफ एवं संयुक्त सचिव संजय कुमार ने कहा कि दवा कारोबार से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री के कारण पारंपरिक दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाओं की आपूर्ति होने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा ई-फार्मेसी और अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एसोसिएशन ने जिले के सभी दवा व्यवसायियों से एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने की अपील की है।














