मधेपुरा/ 46वें स्थापना दिवस समारोह-2026 के शुभ अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कला भवन, मधेपुरा में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक, आलमनगर विधानसभा क्षेत्र नरेन्द्र नारायण यादव एवं जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरे सभागार में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, समूह नृत्य, देशभक्ति गीत तथा बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले कई आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने काफी सराहा। कलाकारों की प्रस्तुति ने मधेपुरा जिले की सांस्कृतिक पहचान एवं सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
विधायक नरेन्द्र नारायण यादव ने अपने संबोधन में मधेपुरा जिले के गौरवशाली इतिहास एवं विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि जिले की उपलब्धियों और भावी संकल्पों का प्रतीक है। वहीं जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि मधेपुरा निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है तथा प्रशासन जनकल्याण एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मौके पर अपर समाहर्ता, मधेपुरा अरुण कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) मुकेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमन कुमार सुमन, जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन भी शामिल हुए एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।














