नौशाद आलम/चौसा, मधेपुरा/ चौसा थाना क्षेत्र के कलासन के निवासी की केलाबाड़ी में गोभी की फसल बर्बाद करने, 2 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित मंटू शर्मा ने इस संबंध में चौसा थाने में आवेदन दिया है।मंटू शर्मा (45 वर्ष), (पिता स्वर्ग दिलो शर्मा),थाना चौसा, जिला मधेपुरा ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने 10 कट्ठा जमीन पर गोभी की फसल लगाई थी, जो कटाई के लिए तैयार थी। 8 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे जब वह खेत पर गए, तो उन्होंने देखा कि चार लोग उनकी फसल को उखाड़ रहे थे।आरोपियों की पहचान विलास शर्मा (50 वर्ष),(पिता स्वर्ग हजारी शर्मा),अमलेश शर्मा (25 वर्ष), रमेश शर्मा (22 वर्ष) (दोनों पिता विलास शर्मा) और नट्टू शर्मा (जूना देवी के पति) के रूप में हुई है। ये सभी घोषई के केलाबाड़ी, चौसा थाना, जिला मधेपुरा के निवासी हैं।मंटू शर्मा के विरोध करने पर विलास शर्मा ने अपनी कमर से देसी कट्टा निकालकर लहराया और धमकी दी। उन्होंने कहा कि मंटू ने ढाई लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी, इसलिए यह फसल घर नहीं जाने दी जाएगी। अमलेश, रमेश और नट्टू शर्मा ने भी मंटू के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।मंटू शर्मा ने बताया कि आरोपी अवैध हथियार से लैस थे और डर के कारण वह कुछ नहीं बोल पाए, अन्यथा आरोपी उनकी हत्या कर सकते थे। विलास शर्मा ने धमकी दी कि अगर रंगदारी नहीं दी गई, तो खेत में कोई फसल नहीं उगने दी जाएगी। मंटू शर्मा ने आरोप लगाया कि ये सभी दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जो मौका मिलने पर उनकी हत्या भी कर सकते हैं।इस संबंध में थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।