रिपोर्ट : सुशांत कुमार, सिंहेश्वर (मधेपुरा)/ सिंहेश्वर नगर पंचायत अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मियों ने ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि) की राशि जमा नहीं किए जाने को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी राजकुमार कुशवाहा को आवेदन सौंपा है।
करीब 50 से अधिक सफाई कर्मियों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर आरोप लगाया कि नगर पंचायत सिंहेश्वर में कार्यरत सफाई एजेंसी इआरडीआई द्वारा उनका ईपीएफ नियमित रूप से जमा नहीं किया जा रहा है। कर्मियों ने यह भी कहा कि उन्हें मासिक वेतन समय पर नहीं मिलता, जिससे दैनिक जीवन यापन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मियों ने बताया कि उनमें से लगभग दस कर्मियों का ईपीएफ खाता अब तक नहीं खोला गया है। शुरुआती दौर में केवल चार महीने तक ईपीएफ की राशि जमा की गई, लेकिन उसके बाद राशि जमा नहीं की गई। जबकि वे लगातार सफाई कार्य में लगे हुए हैं। कई बार मौखिक शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला है।
कर्मियों ने यह भी बताया कि भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण कई वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी राजकुमार कुशवाहा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सफाई कर्मी रौशनी देवी, चानो मल्लिक, सरुण मल्लिक, अनिल मल्लिक, प्रदीप मल्लिक, संतोष मल्लिक, अमर मल्लिक, मुन्ना मल्लिक सहित अन्य मौजूद थे।














