राजीव कुमार/ गम्हरिया, मधेपुरा/ प्रखंड के जीवछपर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का शुभारंभ बिहार सरकार की प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने किया। आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिल बसाक ने प्रभारी मंत्री को मोमेंटो एवं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री शीला मंडल ने राज्य सरकार और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविरों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहते हैं, जिससे लोगों की शिकायतों और आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित हो रहा है। मंत्री ने लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

सहयोग शिविर के सफल संचालन में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ अंचलाधिकारी (सीओ) स्नेहा सागर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 380 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 344 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 36 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों का भी शीघ्र निपटारा कर दिया जाएगा।