मधेपुरा/ मधेपुरा एसपी ने तीन पुलिस सब इंस्पेक्टरों को स्थानांतरित कर नए थानों में थानाध्यक्ष के रूप में पदस्थापित किया है। एसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। सब इंस्पेक्टर सुड्डू कुमार को मुरलीगंज थाना से रतवारा थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार को अरार थाना का थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मधेपुरा थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर स्नेहा कुमारी को स्थानांतरित कर बेलारी थाना की नई थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि 11 जून की रात बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, रतवारा थानाध्यक्ष साजन पासवान और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मृत्यु हो गई थी। तीनों अधिकारी राज्य पुलिस मुख्यालय में सीसीटीएनएस प्रशिक्षण पूरा कर मधेपुरा लौट रहे थे। इस हादसे में उनके निजी वाहन चालक की भी जान चली गई थी। इस घटना के बाद तीनों थानों के थानाध्यक्ष के पद रिक्त हो गए थे, जिन्हें अब नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से भरा गया है।

एसपी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि थानाध्यक्ष और अंचल पुलिस निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर केवल उन्हीं पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जिनका सेवा रिकॉर्ड स्वच्छ हो और जिनके विरुद्ध कोई गंभीर विभागीय या आपराधिक मामला लंबित न हो। सरकार के निर्धारित मानकों के अनुसार, किसी न्यायालय से दोषसिद्ध अधिकारी अथवा विभागीय कार्रवाई में तीन या उससे अधिक बड़ी सजाएं प्राप्त कर चुके पुलिस पदाधिकारी को थानाध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता। आदेश में यह भी उल्लेख है कि शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही के दोषी पाए जाने वाले थानाध्यक्षों को अगले 10 वर्षों तक ऐसे महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थापित नहीं किया जाएगा।