घैलाढ़,मधेपुरा/ जिले के घैलाढ़ प्रखंड अंतर्गत घैलाढ़ पंचायत के वार्ड नंबर-5 निवासी एक मजदूर की हरियाणा में मौत हो जाने से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.मृतक की पहचान बबलू ऋषिदेव (27 वर्ष) के रूप में हुई है.वह मजदूरी करने के लिए हरियाणा गया था, जहां उसकी मौत हो गई मृतक की पत्नी नंदिनी देवी ने अपने पति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

मिली जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन पर्व के बाद गांव का ही एक ठेकेदार बबलू ऋषिदेव को हरियाणा में मशरूम की खेती में काम कराने के लिए अपने साथ ले गया था.जहां उनकी मौत हो गई.पत्नी नंदिनी देवी का आरोप है कि उनके पति को पीट-पीटकर मार डाला गया. इस घटना के बाद परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है.

पति की मौत से पत्नी और बच्चों का सहारा छिना : पति की मौत के बाद नंदिनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले पति के चले जाने से उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं.पिता की असमय मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.

गमगीन पत्नी नंदिनी देवी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “मेरे पति की मौत हो जाने से मेरे और मेरे बच्चों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.अब मेरे बच्चों और मुझे कौन कमाकर खिलाएगा. उनकी इस पीड़ा से परिवार की बदहाली और भविष्य को लेकर गहरी चिंता का अंदाजा लगाया जा सकता है. घर के कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है.

हरियाणा से एंबुलेंस द्वारा गांव लाया गया शव : बताया गया कि बबलू ऋषिदेव के शव का हरियाणा में पोस्टमार्टम कराया गया.इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को उनके पैतृक गांव घैलाढ़ लाया गया. शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पत्नी और बच्चों सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.घटना की खबर से गांव में भी शोक का माहौल है.

मुखिया ने अंतिम संस्कार के लिए की आर्थिक मदद : इस दुखद घड़ी में घैलाढ़ पंचायत के मुखिया विमल कुमार ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया. उन्होंने मृतक की पत्नी को आर्थिक सहयोग प्रदान किया, ताकि परिवार शव का अंतिम संस्कार समुचित तरीके से कर सके.मुखिया के इस सहयोग से संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को कुछ राहत मिली.