कुमारखंड, मधेपुरा/ कुमारखंड प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन परिसर में बुधवार को रबी सीजन के बीज वितरण को लेकर किसानों की लंबी कतार देखी गई। सुबह दस बजे से ही प्रखंड के सभी 21 पंचायतों से महिला और पुरुष किसान सरकारी दर पर मिलने वाले गेहूं, मसूर, मटर सहित अन्य रबी फसलों के बीज के लिए लाइन में लग गए। मगरवाड़ा निवासी किसान जहांगीर आलम, असलम, फारूक अंसारी, मुस्तफा अंसारी और खुर्शीद अंसारी ने बताया कि वे चार घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अब तक बीज नहीं मिला है। पूरे प्रखंड में सिर्फ एक दुकान होने के कारण किसानों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत स्तर पर दुकान खोली जाए तो किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। आगाढ़ निवासी किसान आशीष कुमार, ललकुरिया निवासी मो. सदरूल, कुमारखंड निवासी सुभाष यादव, बीरेंद्र साह, दीना यादव, सगीर आलम सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन कर रखा है, फिर भी चार से पांच घंटे से इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने वरीय पदाधिकारियों से मांग की कि पंचायत स्तर पर बीज वितरण की व्यवस्था की जाए। वहीं, बीज वितरण कर रहे दुकानदार मनीष कुमार ने बताया कि प्रखंड कार्यालय में विशेष कैंप लगाकर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। भीड़ अधिक होने के कारण सभी को लाइन में लगाकर क्रमवार बीज दिया जा रहा है।