पटना। बिहार फुटबॉल एसोसिएशन (BFA) का चुनाव एवं वार्षिक आमसभा (AGM) पटना में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की ओर से प्रतिनियुक्त अधिकारियों की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई। चुनाव के बाद जय बहादुर सिंह को बिहार फुटबॉल एसोसिएशन का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

निर्वाचन पदाधिकारी बेजु नाथ कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा AIFF द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक हरेंद्र स्वेन के सहयोग से चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नई कार्यकारिणी में जय बहादुर सिंह (एनआरआईएस कोच एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी) को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अश्विनी खन्नी और विकास कुमार (गोल्डी) को उपाध्यक्ष, प्रीति को महिला उपाध्यक्ष तथा सत्येंद्र कुमार (पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी) को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारिणी समिति में शंकर कुमार सिंह, दिवाकर कुमार (राष्ट्रीय रेफरी), राजीव कुमार रंजन, सुनील कुमार प्रसाद, पूजा जायसवाल, चंदन कुमार सिंह, संजय कुमार दयाल (पूर्व भारतीय खिलाड़ी), मधु कुमारी (SOM महिला, पूर्व भारतीय खिलाड़ी), संजीव कुमार (SPA, प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिलाड़ी) और नेहा (SPA महिला, प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिलाड़ी) को शामिल किया गया है।

इसके अलावा श्याम बाबू सिंह (पूर्व राज्य स्तरीय खिलाड़ी) को महासचिव तथा संतोष कुमार सिंह (पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी) को सचिव नियुक्त किया गया है। संयुक्त सचिव के रूप में मनोज कुमार (पूर्व राज्य स्तरीय खिलाड़ी) और भवेश कुमार सिंह (पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी) को जिम्मेदारी दी गई है।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के गठन के बाद आयोजित बैठक में बिहार में फुटबॉल प्रशासन को सुदृढ़ करने, जिला फुटबॉल संघों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। साथ ही युवा एवं उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

नई कार्यकारिणी ने राज्य में फुटबॉल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें निखारने, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बिहार की भागीदारी एवं प्रदर्शन बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का संकल्प व्यक्त किया।

बिहार फुटबॉल एसोसिएशन ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में राज्य में फुटबॉल के विकास को नई गति मिलेगी और पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासन के माध्यम से खेल को आगे बढ़ाया जाएगा।