मधेपुरा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के सभागार में पैनल से जुड़े अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएलएसए की सचिव-सह-सीनियर जज पूजा कुमारी साह ने की। इस दौरान उन्होंने पैनल अधिवक्ताओं को डीएलएसए की ओर से आवंटित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जज पूजा कुमारी साह ने कहा कि गरीब, असहाय एवं कमजोर वर्ग के लोगों को सुलभ और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है। ऐसे लोगों को न्याय दिलाने में पैनल अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिवक्ताओं से आवंटित मामलों की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की दिशा में प्रभावी पहल करने को कहा।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं पीड़ित लोगों को न्याय मिलने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से जमानत से संबंधित मामलों में आवश्यक तत्परता बरतने तथा पात्र लोगों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पैनल अधिवक्ता यह सुनिश्चित करें कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे।
बैठक के दौरान पैनल अधिवक्ताओं ने डीएलएसए की ओर से उन्हें आवंटित विभिन्न मुकदमों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मामलों की प्रगति, लंबित रहने के कारण तथा उनके शीघ्र निष्पादन को लेकर भी चर्चा की गई। सचिव ने अधिवक्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया।
बैठक में वरीय अधिवक्ता विजय कुमार, पंकज कुमार, ऋषिकेश कुमार, सरोजनी कुमारी, रिटेनर देवेंद्र कुमार, उदाकिशुनगंज सब-डिविजन कोर्ट के अधिवक्ता शशि अभिषेक, रिटेनर विद्याभूषण पासवान सहित अन्य पैनल अधिवक्ता मौजूद रहे।















No comments yet. Be the first to comment!